दुर्ग के दवा कारोबारी से मांगी 15 करोड़ की रंगदारी, वॉट्सऐप पर धमकी देकर कहा- रकम नहीं दी तो परिवार को मार देंगे

दुर्ग-भिलाई,21 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दवा कारोबारी से 15 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी शशांक चोपड़ा को वॉट्सऐप पर वॉइस नोट भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की चेतावनी दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
19 नवंबर को भेजा गया धमकी भरा वॉइस नोट
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को शशांक चोपड़ा के वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट भेजा गया था। इसमें अज्ञात व्यक्ति ने 15 करोड़ रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को दुर्ग के कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कारोबारी के घर के बाहर पिछले तीन दिनों से पुलिस बल तैनात किया गया है।
वॉइस नोट और मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस धमकी भरे वॉइस मैसेज और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। जांच की जा रही है कि आरोपी का वास्तव में गैंग से कोई संबंध है या उसने केवल गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।
मेडिकल उपकरण खरीदी मामले में भी सामने आया था नाम
बताया जा रहा है कि शशांक चोपड़ा की फर्म मेडिकल उपकरण, जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य से जुड़े सामान की सप्लाई करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरणों और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था।
इस मामले में जनवरी 2025 में ACB और EOW ने केस दर्ज किया था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी लेनदेन की जांच शुरू की थी। जांच एजेंसियों ने खरीदी में गड़बड़ी और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे।
इस मामले में शशांक चोपड़ा की गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि, बाद में उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिल गई थी।
फिलहाल, 15 करोड़ रुपए की रंगदारी और परिवार को जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है।




