बस्तर में लगातार बारिश से बढ़ी परेशानी, मंत्री केदार कश्यप ने जनहानि रोकने और दूरस्थ क्षेत्रों तक राहत पहुंचाने को प्रशासन को किया अलर्ट

जगदलपुर/रायपुर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई क्षेत्रों में उत्पन्न जलभराव एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों को देखते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। मंत्री कश्यप ने संबंधित जिलों में बारिश से प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति तथा प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मंत्री कश्यप ने कहा कि भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जहां भी जलभराव अथवा बाढ़ की स्थिति बन रही है, वहां प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय होकर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ ही उनके लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिले के संवेदनशील एवं निचले इलाकों की लगातार निगरानी रखी जाए। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर विशेष नजर रखी जाए तथा ऐसे मार्ग, पुल-पुलिया या रपटे, जिनके ऊपर से पानी बह रहा हो, वहां किसी भी स्थिति में लोगों को जोखिम लेकर आवागमन न करने दिया जाए। आवश्यकता के अनुसार पुलिस एवं प्रशासन की टीम तैनात कर बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
मंत्री कश्यप ने विशेष रूप से बस्तर के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण संपर्क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं और राहत दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ अलर्ट रखा जाए, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
मंत्री कश्यप ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की आवश्यकता पड़ रही है, वहां राहत शिविरों की समुचित व्यवस्था की जाए। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य अमले को भी सतर्क रखा जाए। बारिश और जलभराव के बाद उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाइयों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए।
जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता : केदार कश्यप
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भारी बारिश की इस परिस्थिति में जनहानि को रोकना और प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य करे। किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में संसाधनों की आवश्यकता होने पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा हो और मैदानी अमला पूरी तरह सक्रिय रहे। प्रशासन एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में किसी प्रकार का विलंब न हो।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मंत्री कश्यप ने बस्तर संभाग के नागरिकों से भी भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज बहाव वाले नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। राज्य सरकार और जिला प्रशासन प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं।




