छत्तीसगढ़

सिंचाई योजनाओं को मिली रफ्तार, 36 कार्यों के लिए 146.43 करोड़ रुपये स्वीकृत

रायपुर, 3 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पुरानी सिंचाई योजनाओं के उन्नयन के लिए बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने अपरीक्षित नवीन मद के अंतर्गत विभिन्न सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए 146 करोड़ 43 लाख 95 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

इन कार्यों में एनीकट, स्टापडेम, जलाशय, नहर उन्नयन, नहर जीर्णोद्धार, व्यपवर्तन योजनाओं के निर्माण एवं नवीनीकरण सहित अन्य कार्य शामिल हैं। योजनाओं के पूरा होने से विभिन्न जिलों के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में कई कार्य स्वीकृत

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खरला एनीकट योजना के लिए 4 करोड़ 69 लाख 73 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 90 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। झिरियानाला स्टापडेम के लिए 3 करोड़ 87 लाख 17 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 90 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

खटम्बर व्यपवर्तन योजना के नहर उन्नयन एवं सीसी चैनल निर्माण के लिए 4 करोड़ 93 लाख 08 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 296 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

इसी तरह कोडांगी व्यपवर्तन योजना की नहरों के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 38 लाख 72 हजार रुपये, कौड़िया एनीकट योजना के लिए 4 करोड़ 50 लाख 99 हजार रुपये और गुडरू व्यपवर्तन योजना के शीर्ष एवं नहर उन्नयन के लिए 4 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमशः 92, 70 और 179 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

कोरिया और सूरजपुर में जलाशयों का होगा उन्नयन

कोरिया जिले के सलबा जलाशय में बांध एवं नहर उन्नयन कार्य के लिए 2 करोड़ 19 लाख 97 हजार रुपये तथा चम्पाझर जलाशय में नहर उन्नयन के लिए 1 करोड़ 95 लाख 99 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुरमा जलाशय में बांध एवं नहर उन्नयन के लिए 4 करोड़ 42 लाख 12 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

वहीं सूरजपुर जिले में कल्याणपुर जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 3 करोड़ 89 लाख 48 हजार रुपये, बद्रिकाश्रम जलाशय के लिए 4 करोड़ 43 लाख 38 हजार रुपये, पसला जलाशय के लिए 4 करोड़ 06 लाख 22 हजार रुपये और जामडीह जलाशय के लिए 3 करोड़ 23 लाख 45 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन योजनाओं से क्रमशः 86, 29, 76 और 61 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

गंगोटी जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 4 करोड़ 72 लाख 18 हजार रुपये, डांडकरवां एनीकट योजना के लिए 4 करोड़ 09 लाख 75 हजार रुपये और मायापुर-2 जलाशय योजना के लिए 4 करोड़ 70 लाख 88 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनसे क्रमशः 96, 70 और 100 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

बलरामपुर-रामानुजगंज में स्टापडेम और जलाशय कार्य

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चरगढ़ नाला स्टापडेम निर्माण के लिए 2 करोड़ 67 लाख 53 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कामेश्वरनगर जलाशय-02 के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 91 लाख 32 हजार रुपये और बाहरचुरा बांध के जीर्णोद्धार एवं नहर मरम्मत के लिए 3 करोड़ 96 लाख 12 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

जरहाडी नाला में एनीकट योजना के लिए 3 करोड़ 06 लाख 09 हजार रुपये, अलखडीहा जलाशय योजना के निर्माण के लिए 4 करोड़ 31 लाख 83 हजार रुपये तथा भुरसाटोली जलाशय योजना के लिए 2 करोड़ 98 लाख 67 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन योजनाओं से क्रमशः 100, 130 और 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।

सरगुजा में सिंचाई सुधार और विस्तार को मिलेगी गति

सरगुजा जिले में बोदार नाला स्टापडेम कम काजवे के लिए 3 करोड़ 81 लाख 85 हजार रुपये, बकमेर स्टापडेम कम काजवे के लिए 4 करोड़ 81 लाख रुपये और चन्दनई व्यपवर्तन योजना के नवीनीकरण के लिए 4 करोड़ 98 लाख 05 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

कंचनपुर जलाशय की नहर के जीर्णोद्धार के लिए 4 करोड़ 62 लाख 03 हजार रुपये, लेदराडांड-करोवापारा व्यपवर्तन योजना के लिए 4 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपये, मांड नदी भण्डारडांड में एनीकट निर्माण के लिए 4 करोड़ 95 लाख 73 हजार रुपये तथा सरमना में सिंचाई सुधार एवं विस्तार के लिए 4 करोड़ 94 लाख 29 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में 80 से 200 हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा विकसित होने की उम्मीद है।

जशपुर में जलाशय निर्माण और सिंचाई विस्तार

जशपुर जिले में लुखी जलाशय योजना के निर्माण के लिए 4 करोड़ 99 लाख 63 हजार रुपये और हर्री जलाशय योजना के लिए 4 करोड़ 99 लाख 96 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों योजनाओं से 125-125 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।

ग्राम पंचायत दाराखारिया में छठघाट निर्माण के लिए 4 करोड़ 04 लाख 11 हजार रुपये, पायर पखना-सुकबासुपारा-बारो स्टापडेम योजना के लिए 4 करोड़ 82 लाख 01 हजार रुपये तथा कुनकुरी कार्यालयीन भवन एवं परिसर निर्माण के लिए 4 करोड़ 68 लाख 05 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

तुम्बाजोर व्यपवर्तन योजना के शीर्ष कार्य के लिए 4 करोड़ 59 लाख 59 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके पूरा होने पर 415 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा उप संभाग पत्थलगांव के कार्यालय भवन निर्माण एवं चार आवासीय भवनों के उन्नयन के लिए 1 करोड़ 49 लाख 92 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन स्वीकृत कार्यों से प्रदेश में सिंचाई अधोसंरचना मजबूत होने, किसानों को पानी की उपलब्धता बढ़ने और कृषि क्षेत्र को बेहतर आधार मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar