बस्तर को मोतियाबिंद मुक्त बनाने की पहल तेज: महारानी अस्पताल में 9 मरीजों का सफल ऑपरेशन, 11 नए मरीज भर्ती

जगदलपुर, 23 सितंबर 2026। बस्तर जिले को मोतियाबिंद मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग और महारानी अस्पताल प्रबंधन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत मंगलवार को महारानी अस्पताल में मोतियाबिंद के 9 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सरिता थॉमस ने मरीजों को आंखों की देखभाल और ऑपरेशन के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मरीजों को धूल और धुएं से बचने के साथ समय पर दवाइयां डालना और नियमित रूप से आंखों की जांच कराना जरूरी है।
इस दौरान रोटरी क्लब बस्तर जिला की ओर से मानव सेवा के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। क्लब के पदाधिकारियों ने हड्डी वार्ड, स्त्री वार्ड, पुरुष वार्ड और नेत्र वार्ड सहित विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सेवा कार्य में रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. मनोज, सचिव अंकित गोयल, दिनेश कागोट, यश राठी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करना क्लब के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।
11 नए मरीज ऑपरेशन के लिए भर्ती
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मंगलवार को बस्तर ब्लॉक से मोतियाबिंद के 11 नए मरीजों को ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया है। इन मरीजों का ऑपरेशन बुधवार को किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नेत्र सहायक अधिकारियों के माध्यम से मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर अस्पताल लाया जा रहा है।
मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य अधिक से अधिक मरीजों का उपचार कर जिले को मोतियाबिंद मुक्त जिला बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है।




