छत्तीसगढ़

धमतरी में दंतैल हाथी की दस्तक, 10 गांवों में हाई अलर्ट


धमतरी,19 सितंबर 2026

जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में एक दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। हाथी की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने हाथी की लोकेशन मिलने के बाद करीब 10 गांवों में अलर्ट जारी किया है।

वन विभाग के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। उसके आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका है। इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी सतर्कता बरतने को कहा गया है।

वन विभाग की टीम लगातार हाथी की निगरानी कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और उसे किसी भी तरह परेशान न करें। हाथी की सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को देने कहा गया है।

बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग हाथी के मूवमेंट पर नजर रख रहा है और ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar