छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण का आगाज, 6 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन, दिव्यांग और आत्मसमर्पित माओवादी भी दिखाएंगे दम

जगदलपुर,5 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने वाले बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण का आगाज हो गया है। इस बार प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। संभाग के सातों जिलों से रिकॉर्ड 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है। पिछले वर्ष यह संख्या करीब 3 लाख 92 हजार थी। इस तरह एक साल में खिलाड़ियों की भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

11 खेल विधाओं में दिखेगा खिलाड़ियों का दम

इस बार बस्तर ओलंपिक में कुल 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खिलाड़ियों को जूनियर और सीनियर वर्ग में बांटकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

दिव्यांग और आत्मसमर्पित माओवादी भी लेंगे हिस्सा

इस आयोजन की सबसे खास बात इसका सामाजिक उद्देश्य है। इस बार नक्सल हिंसा से प्रभावित दिव्यांग व्यक्तियों और आत्मसमर्पित माओवादियों को भी खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। ऐसे करीब 500 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

खेलों के जरिए मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं है, बल्कि दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बड़ा मंच उपलब्ध कराना भी है। इसके साथ ही युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

बस्तर ओलंपिक के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिल रहा है। इस बार रिकॉर्ड पंजीयन और विभिन्न वर्गों की भागीदारी से प्रतियोगिता को लेकर खास उत्साह है। अब सबकी नजरें खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मैदान में बनने वाले नए रिकॉर्ड पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar