
कांकेर,5 नवम्बर 2026
धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए कांकेर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। 5 से 8 नवंबर 2026 तक शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी बसें, ट्रक और मालवाहक वाहन ज्ञानी चौक होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगे और वापसी में भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे।
त्योहार के दौरान दुकानों में सामान की लोडिंग-अनलोडिंग का समय भी निर्धारित किया गया है। व्यापारी सुबह 9 बजे से पहले या रात 10 बजे के बाद ही सामान लोड और अनलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी। पोस्ट ऑफिस से ऊपर-नीचे रोड पर छोटी गाड़ियों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है।




