प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में पालकों ने किया श्रमदान, झाड़ियों की कटाई कर बच्चों की सुरक्षा पर दिया जोर

बस्तर,21 सितम्बर 2026
प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में पालकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई के लिए श्रमदान किया। बारिश के मौसम में स्कूल परिसर के आसपास उगी घास-फूस और झाड़ियों को देखते हुए पालकों ने स्वयं आगे आकर सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान परिसर में फैली झाड़ियों की कटाई के साथ कचरा और अनावश्यक घास-फूस हटाकर विद्यालय परिसर को व्यवस्थित किया गया। पालकों ने बताया कि बारिश के दिनों में झाड़ियों के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई जरूरी है।
पालकों ने कहा कि स्कूल गांव के बच्चों का भविष्य गढ़ने का स्थान है, इसलिए इसकी स्वच्छता और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल स्कूल प्रबंधन की नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की है। श्रमदान के दौरान पालकों ने सामूहिक रूप से सफाई कार्य में भाग लिया, जिससे विद्यालय परिसर का वातावरण अधिक स्वच्छ और सुरक्षित नजर आया।
पालकों की इस पहल से विद्यालय के प्रति सामुदायिक सहभागिता की भावना भी सामने आई। इस अवसर पर देवनाथ ठाकुर, गिरिराम, विश्वनाथ, हरगोविंद, लखेश्वर, बोगलू और धरमू सहित अन्य पालक उपस्थित रहे।




