छत्तीसगढ़

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का होगा शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मिला निमंत्रण

रायपुर, 16 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।

बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दोनों रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर यात्री सेवाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar