कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की बात, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

रायपुर,1 अगस्त 2026
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दीपक रात्रे और भूपेन्द्र की हत्या की सूचना मिलते ही उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान दोनों दिवंगतों के परिजनों से दूरभाष पर बात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा अधिकारियों को आवश्यक समन्वय और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं और पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस हमले में शामिल आतंकियों को उनके अपराध की कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी तथा उन्हें उनके कृत्य का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दोनों पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह संवेदनशील निर्णय शोकग्रस्त परिवारों को कठिन समय में संबल प्रदान करेगा और छत्तीसगढ़ सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे पीड़ित परिवारों के साथ रहकर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा स्थानीय प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




