छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर में जर्जर स्कूल पर बवाल: टपकती छत के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे, ग्रामीण बोले—’हादसे का इंतजार क्यों

बकावंड/बस्तर। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुआचोंड के आश्रित ग्राम परवांबाड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन में जगह-जगह सीपेज होने से बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है, जबकि कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है। दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और छत के सरिए तक दिखाई देने लगे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार स्कूल भवन की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन इसके बावजूद बच्चों की पढ़ाई इसी भवन में कराई जा रही है। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहता है।

अभिभावकों ने बताया कि वे हर दिन अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय चिंता में रहते हैं। जर्जर भवन के कारण कई बच्चे स्कूल आने से भी घबराते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नया भवन नहीं बनाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से स्कूल भवन का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा नए भवन के शीघ्र निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को इस मामले में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में पढ़ाई कर सकें।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar