
जगदलपुर, 29 जुलाई 2026
क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर तथा उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सोनारपाल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस उत्साह, जोश और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, ओजस्वी भाषणों और रंगोली के माध्यम से कारगिल के वीर जवानों के अद्वितीय बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जी. पी. नाग, डॉ. इशु साहू, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री राम कुमार देवांगन, एनसीसी के कमांडिंग अधिकारी लेफ्टिनेंट इंजीनियर भागवत कुमार तथा डॉ. सुमित के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में डॉ. जी. पी. नाग ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा केवल सीमाओं पर तैनात सैनिक ही नहीं करते, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्य, चरित्र और जिम्मेदारी के माध्यम से भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। वहीं डॉ. इशु साहू ने कारगिल विजय को भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक बताते हुए युवाओं से अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।
लेफ्टिनेंट इंजीनियर भागवत कुमार ने विद्यार्थियों को टाइगर हिल, बटालिक, टोलोलिंग और पॉइंट 4875 जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों की जानकारी देते हुए कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक पराक्रम से अवगत कराया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अग्निभ हालदार, डॉ. रिनू, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. अमित, डॉ. नरोत्तम अत्री, डॉ. ममता सहित लगभग 150 छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने देश की रक्षा, सेवा और राष्ट्रहित में समर्पित रहने की शपथ ली।




