बीजापुर ने रचा इतिहास: तेंदूपत्ता नीलामी में वर्षों का सबसे ऊंचा रिकॉर्ड, संग्राहकों को मिलेगा बड़ा लाभ

बीजापुर, 22 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले ने तेंदूपत्ता नीलामी में वर्षों का सबसे अधिक रिकॉर्ड मूल्य हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने तेंदूपत्ता संग्राहकों, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों और वन विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे वनाधारित आजीविका और वनवासी परिवारों की आर्थिक समृद्धि की दिशा में बड़ी सफलता बताया।
मंत्री ने कहा कि बीजापुर जिला यूनियन की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 45 तेंदूपत्ता लॉटों का विभागीय संग्रहण किया गया। इनमें से 36 लॉटों पर प्रतिस्पर्धात्मक निविदाएं प्राप्त हुईं। नीलामी में 4 लॉटों को 10 हजार रुपये प्रति मानक बोरा से अधिक, 8 लॉटों को 9 हजार रुपये से अधिक, 4 लॉटों को 8 हजार रुपये, 10 लॉटों को 7 हजार रुपये से अधिक की दर मिली, जबकि शेष लॉटों को भी उत्कृष्ट मूल्य प्राप्त हुआ। यह बीजापुर के लिए वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
केदार कश्यप ने कहा कि तेंदूपत्ता की बेहतर गुणवत्ता, वैज्ञानिक उपचार, सुव्यवस्थित भंडारण और पारदर्शी नीलामी व्यवस्था के कारण यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। इसका सीधा लाभ हजारों तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को मिलेगा। बेहतर बिक्री मूल्य के साथ उन्हें बोनस के रूप में भी अतिरिक्त आर्थिक फायदा मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि बीजापुर ने साबित कर दिया है कि सामूहिक प्रयास, गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए वनाधारित अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक है।
वन मंत्री ने बीजापुर जिला यूनियन की सभी 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों, तेंदूपत्ता संग्राहकों, स्थानीय ग्रामीणों, समिति पदाधिकारियों और वन विभाग के मैदानी अमले को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी बीजापुर तेंदूपत्ता नीलामी में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। साथ ही उन्होंने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला यूनियन के अधिकारियों-कर्मचारियों और सभी सहकारी समितियों के योगदान की भी सराहना की।




