नई दिल्ली

संसद में विपक्ष का ब्लैक डे: राहुल-प्रियंका समेत सांसद काले कपड़ों में पहुंचे, NEET पेपर लीक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

नई दिल्ली, 22 जुलाई 2026

NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और इसे ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाया।

इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं ने पीएम आवास की ओर मार्च निकाला था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।

बुधवार को प्रदर्शन से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। बैठक में संसद की रणनीति और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बलपूर्वक नहीं रोका जाना चाहिए।

वहीं कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है और बड़ी संख्या में लोग उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि छात्रों और सांसदों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर ब्लैक डे मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार से छात्रों से संवाद और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करेगा।

विपक्ष का कहना है कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाना है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar