छत्तीसगढ़बीजापुर

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के गुप्त ठिकाने पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, स्टील के डिब्बे से मिले करीब 40 लाख रुपये

बीजापुर,25 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद किया गया है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 39 लाख 77 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई गई।

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस टीम ने बताए गए स्थान पर सर्चिंग अभियान चलाया।

जमीन खोदकर निकाला स्टील का डिब्बा

तलाशी के दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर बोरी में छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे। जांच करने पर इन पैकेटों में 500-500 रुपये के नोटों में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नगद मिले।

मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी

सुरक्षा बलों ने बरामद पूरी नकदी को जब्त कर लिया है। मामले में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नक्सलियों के छिपाए गए डंप की बरामदगी को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar