छत्तीसगढ़

AIIMS में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.50 लाख की ठगी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बड़े अधिकारियों और एम्स से जुड़ा हुआ बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, भिलाई के वृंदा नगर कैंप-1 निवासी मुकेश कोसरे ने 13 जनवरी 2026 को वैशाली नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल, जो सेक्टर-6 सड़क-12 में रहता था, ने खुद की पहचान बड़े अधिकारियों और AIIMS के अफसरों से होने का दावा किया। आरोपी ने रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

नौकरी लगवाने के एवज में आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में रकम मांगी। मुकेश आरोपी के झांसे में आ गया और सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से कुल 14 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने और पैसे वापस करने के नाम पर टालमटोल करता रहा। बाद में वह अपने निवास से फरार हो गया।

शिकायत मिलने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल भिलाई ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की लोकेशन लखनऊ में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई।

पुलिस ने लखनऊ में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar