
जगदलपुर, 22 जुलाई 2026
महारानी अस्पताल से डिमरापाल मेडिकल कॉलेज एवं कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल तक आने-जाने में मरीजों और उनके परिजनों को हो रही परेशानियों को देखते हुए पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने कलेक्टर से मुलाकात कर आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए महारानी अस्पताल से डिमरापाल तक नियमित सिटी बस सेवा शुरू करने का आग्रह किया।
डॉ. कश्यप ने बताया कि महारानी अस्पताल में भर्ती कई मरीजों को जांच, उपचार या रेफर किए जाने के बाद डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता है। लेकिन नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सिटी बस सेवा शुरू होने से मरीजों को राहत मिलेगी और अस्पतालों के बीच आवागमन आसान होगा।
उन्होंने कलेक्टर के समक्ष बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जैसे आदिवासी बहुल जिलों से आने वाले मरीजों की भाषा संबंधी समस्या भी रखी। उनका कहना था कि इन क्षेत्रों के कई मरीज हिंदी नहीं जानते और हल्बी या गोंडी भाषा में ही अपनी बात रखते हैं। ऐसे में डॉक्टरों और मरीजों के बीच संवाद में परेशानी होती है, जिससे उपचार प्रभावित हो सकता है।
इस समस्या के समाधान के लिए डॉ. कश्यप ने अस्पताल में स्थानीय भाषा जानने वाले एक व्यक्ति की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति मरीजों की बात समझकर डॉक्टरों तक सही तरीके से पहुंचाएगा, जिससे मरीज अपनी समस्या आसानी से बता सकेंगे और उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।




