कोंडागांवछत्तीसगढ़

कोंडागांव में भीषण सड़क हादसा: यात्री बस ने कार को मारी टक्कर, चालक की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

कोंडागांव, 12 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा घोड़ा गांव के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की यात्री बस ने कोंडागांव से गीदम जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जंगल में जा घुसी।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस व कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार से चलने वाली यात्री बसों पर नाराजगी जताते हुए परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित जांच अभियान और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar