विजय शर्मा की खिलाड़ियों को सीख: मेहनत, लगन और समर्पण से मिलती है सफलता, कवर्धा में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू

रायपुर, 13 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के स्वामी करपात्री जी स्टेडियम, कवर्धा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ किया। 13 से 16 अक्टूबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों जोन के 440 खिलाड़ी वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में ध्वजारोहण किया गया। विभिन्न जोनों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से खेल भावना, एकता और अनुशासन का परिचय दिया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेहनत, लगन और समर्पण से मिलती है सफलता : विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल को पूरे उत्साह और समर्पण के साथ खेलना चाहिए। हार और जीत हमेशा खिलाड़ियों के हाथ में नहीं होती, इसलिए परिणाम की चिंता करने के बजाय अपने खेल पर ध्यान देना जरूरी है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि दर्शक उनके शानदार खेल की सराहना करें। यही खेल का असली आनंद और सच्ची खेल भावना है।
उन्होंने कहा कि मेहनत सफलता दिलाती है और सफलता से सम्मान मिलता है। जब खिलाड़ी सफल होते हैं, तो दुनिया उनकी प्रतिभा को पहचानती है। सफलता का कोई अलग मंत्र नहीं है। इसके लिए खिलाड़ियों को अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ जुटे रहना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को जीत-हार से परेशान होने के बजाय अपनी प्रतिभा को निखारने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश के पांचों जोन से आए युवा खिलाड़ियों का स्वागत किया।
बस्तर के युवा अपनी प्रतिभा से बनाएंगे पहचान
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ अंचलों, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर से आए खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें विशेष खुशी हुई। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब नक्सलवाद के दंश को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने और पूरे देश में अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।
प्रदेश के पांचों जोन के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग, जिला कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसमें प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 220 खिलाड़ी और बालिका वर्ग की 220 खिलाड़ी शामिल हैं। इस तरह कुल 440 प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।
वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में दिखाएंगे प्रतिभा
प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की वॉलीबाल स्पर्धा तथा 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की सॉफ्टबाल और हैंडबाल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाले मुकाबलों में खिलाड़ी अपने कौशल, खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा, अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।




