
जगदलपुर, 3 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्राम नकटी में 85 मकानों को तोड़े जाने के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस भवन के सामने पुतला दहन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की तस्वीर जलाकर भी अपना विरोध दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि वर्षाकाल के बीच ग्राम नकटी के 85 परिवारों को बेघर कर सरकार ने अमानवीय कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि विधायक निवास निर्माण के लिए गरीब परिवारों के घर तोड़े जा रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।
कांग्रेस ने मांग की कि सभी प्रभावित परिवारों को तत्काल न्याय, पुनर्वास और उचित मुआवजा दिया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




