खेत में मोटर पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ते समय करंट लगने से पूर्व सरपंच की मौत, धान रोपाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

बस्तर, 8 जुलाई 2026
जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हली में बुधवार दोपहर खेत में सिंचाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पूर्व सरपंच टीकम सिंह बघेल (40) की मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय धनसिंह बघेल के पुत्र थे और खेती-किसानी के साथ गांव के पूर्व सरपंच भी रह चुके थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार करीब 12:30 बजे टीकम सिंह बघेल अपने खेत में धान रोपाई के लिए सिंचाई करने पहुंचे थे। इस दौरान वे खेत में लगे मोटर पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे। तभी अचानक विद्युत प्रवाहित हो गई और वे करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही टीकम सिंह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में गिर पड़े। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बिजली का संपर्क बंद कराया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार के साथ खेती-किसानी का कार्य करते थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भानपुरी सिविल अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




