मोदी नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे: सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम को लिखा पत्र, छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र के सहयोग के लिए जताया आभार

रायपुर, 10 जून 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देने की नीति के तहत छत्तीसगढ़ को विशेष केंद्रीय सहायता (SCA) योजना में 2,080.29 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। वहीं विशेष अधोसंरचना योजना (SIS), सुरक्षा संबंधी व्यय (SRE), आधुनिक हथियार, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी पहलों से सुरक्षा बलों को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 2,377 करोड़ रुपए की लागत से 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों और 88 वृहद पुलों को मंजूरी दी है, जिससे बस्तर समेत दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
वित्तीय और अधोसंरचना विकास को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यों की केंद्रीय करों में हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय मजबूती मिली है। पिछले 12 वर्षों में राज्य को 3,46,806 करोड़ रुपए केंद्रीय करों के रूप में तथा 1,43,328 करोड़ रुपए विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए 35,766 करोड़ रुपए और केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) के तहत 4,468 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इससे रायपुर-विशाखापट्टनम, बिलासपुर-धनबाद और रायपुर-दुर्ग बायपास जैसी परियोजनियों को गति मिली है।
ग्रामीण विकास और आवास योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से लगभग 19.70 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं मनरेगा के अंतर्गत 12 वर्षों में 39,123 करोड़ रुपए खर्च कर 152 करोड़ मानव दिवस सृजित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 36.44 लाख परिवारों को शौचालय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विभिन्न चरणों में 13,040 किलोमीटर सड़क और 347 पुलों के निर्माण को मंजूरी मिली है।
किसानों को मिला व्यापक लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य के 25.51 लाख किसानों को अब तक 10,784 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 5,064 करोड़ रुपए की प्रीमियम सहायता दी गई है।
आदिवासी, महिला और युवा सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और वन अधिकारों की मान्यता को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि राज्य में 56,569 पीवीटीजी परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही 4.83 लाख व्यक्तिगत और 48 हजार से अधिक सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उज्ज्वला योजना के तहत 39.54 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन मिले हैं। वहीं लखपति दीदी पहल के माध्यम से 10.42 लाख महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
स्वास्थ्य और कौशल विकास में बढ़ा दायरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और पीएम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। राज्य में 5,499 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 18,330 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 82,952 हितग्राहियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
डिजिटल कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि डिजिटल भारत निधि (DBN) के तहत नक्सल और दूरस्थ क्षेत्रों में 1,247 मोबाइल टावर स्थापित किए जा चुके हैं तथा 577 नए टावरों को मंजूरी दी गई है।
ऊर्जा क्षेत्र में 2,808 करोड़ रुपए की सहायता से ग्रामीण विद्युतीकरण को मजबूती मिली है। वहीं पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत राज्य में 64 हजार से अधिक घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं।
पर्यटन, खेल और संस्कृति को मिला बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत 94.23 करोड़ रुपए की लागत से जशपुर, सरगुजा, बिलासपुर और जगदलपुर में पर्यटन सुविधाओं का विकास किया गया है। वहीं प्रसाद योजना के तहत डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए 48.43 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में 147.66 करोड़ रुपए की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही खेलो इंडिया योजना के तहत खेल अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्र के अंत में कहा कि छत्तीसगढ़ की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और विश्वास जताते हैं कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का सहयोग आगे भी मिलता रहेगा।




