कोंडागांवछत्तीसगढ़नारायणपुर

अबूझमाड़ के 9 गांवों में पहली बार फहराया तिरंगा, नक्सल भय से आजादी के बाद ऐतिहासिक बना 15 अगस्त

नारायणपुर/कोंडागांव,16 अगस्त 2026

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अबूझमाड़ क्षेत्र के लिए 15 अगस्त का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे समय तक नक्सल प्रभाव और भय के साये में रहे अबूझमाड़ के 9 गांवों में आजादी के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया गया

कोरसकोडो, हचेकोटी, आदनार, बोटेर, कुमनार, दिवालुर, गुंडेकोट, रेकापाल और रासमेटा गांवों में ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। नक्सली गतिविधियों के कारण इन क्षेत्रों में लंबे समय तक राष्ट्रीय पर्वों का सार्वजनिक आयोजन और तिरंगा फहराना संभव नहीं हो पाता था।

क्षेत्र के 31 मार्च 2026 को नक्सल मुक्त होने के बाद पहली बार इन गांवों में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन हुआ। ग्रामीणों ने खुले और सुरक्षित माहौल में तिरंगे को सम्मानपूर्वक नमन किया और राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी निभाई।

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों से छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त स्थिति की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार का स्वतंत्रता दिवस विशेष है, क्योंकि नक्सल भय से मुक्त होने के बाद अबूझमाड़ के कई गांवों में पहली बार ग्रामीण अपने गांव में तिरंगा फहरा रहे हैं

अबूझमाड़ के इन गांवों में पहली बार स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने से खुशी और गर्व का माहौल रहा। इन गांवों में तिरंगा फहराया जाना क्षेत्र में लौटती शांति, बदलते हालात और लोकतांत्रिक व्यवस्था में ग्रामीणों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar