छत से 20 फीट नीचे गिरा युवक, दर्दनाक हादसे में गई जान

धमतरी, 31 मई 2026
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक घर की छत से करीब 20 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के आमापारा स्थित बनिया तालाब के पास की है। मृतक की पहचान अनिल पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह नशे की हालत में घर की छत पर चढ़ा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छत पर चलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद परिजन युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।




