3 साल से अधूरी जल जीवन मिशन योजना: पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , 21/05/26 !
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के बेलरपुर गांव में जल जीवन मिशन योजना की धीमी रफ्तार ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। करीब तीन साल पहले शुरू हुई योजना आज तक पूरी नहीं हो सकी, जिससे गांव के लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के दो मोहल्लों में केवल दो हैंडपंप ही पानी का सहारा हैं। एक हैंडपंप बस्ती में स्थित है, लेकिन उसका बोरवेल सिस्टम लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है। ग्रामीण हैंडपंप का हैंडल चलाकर मुश्किल से पानी निकाल रहे हैं। रोजाना पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगती हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
दूसरे मोहल्ले के लोग स्कूल परिसर में लगे हैंडपंप पर निर्भर हैं। यहां से बस्ती तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीण सड़क किनारे निकले पाइप में अतिरिक्त पाइप जोड़कर पानी भरने को मजबूर हैं।
स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग गंदगी और कीचड़ के बीच पानी भर रहे हैं। वहीं पशु-पक्षी भी उसी जगह पानी पीते नजर आते हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने ठेकेदार और पीएचई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय पर निगरानी और कार्रवाई होती, तो गांव को इस संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता महेश साहू ने बताया कि निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। तय समय में काम पूरा नहीं होने पर अनुबंध निरस्त करने और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द योजना पूरी कर हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की मांग की है।




