अन्य खबरेंछत्तीसगढ़ और मौसम

Monsoon 2026: भीषण गर्मी के बीच मॉनसून को लेकर बड़ी अपडेट, 5 दिन पहले केरल पहुंचेगा मानसून, जानिए छत्तीसगढ़ में कब देगा दस्तक

15/05/2026 :  देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मॉनसून को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले भारत में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून 1 जून के बजाय 26 मई को केरल पहुंचेगा।

IMD के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में बन रही अनुकूल परिस्थितियों के चलते मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया अगले कुछ घंटों में और मजबूत हो सकता है, जिससे देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून सबसे पहले 20 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहुंचेगा और इसके बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि, इस अनुमान में 4 दिन तक का अंतर संभव बताया गया है।

छत्तीसगढ़ में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मानसून की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो छत्तीसगढ़ में मानसून 10 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है। आमतौर पर प्रदेश में मानसून मध्य जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके थोड़ा पहले आने की संभावना जताई जा रही है।

इधर, IMD ने केरल के इडुक्की और मलप्पुरम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कोट्टायम, एर्नाकुलम, थ्रिस्सूर, पालक्कड़, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि समय से पहले मॉनसून आने से दक्षिण भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मॉनसून की भविष्यवाणी को लेकर IMD का रिकॉर्ड भी काफी मजबूत रहा है। पिछले कई वर्षों में मौसम विभाग के अधिकांश अनुमान सही साबित हुए हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar