विजय पर FIR के आदेश से सियासत गरम, CM बनने से पहले बढ़ीं मुश्किलें

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर करने वाले TVK चीफ और साउथ सुपरस्टार विजय अब कानूनी विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। मद्रास हाईकोर्ट ने विजय के खिलाफ इनकम टैक्स अनियमितताओं के मामले में FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। यह मामला साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुलि’ से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में तमिलगा वेट्ट्रि कझगम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद विजय को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन हाईकोर्ट के इस आदेश ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म ‘पुलि’ के भुगतान को लेकर आयकर विभाग की जांच में कई अनियमितताएं सामने आई थीं। याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने विजय को करीब 16 करोड़ रुपये चेक और लगभग 5 करोड़ रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि TDS केवल चेक से हुई रकम पर जमा किया गया, जबकि नकद भुगतान पर टैक्स प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।
दस्तावेजों के अनुसार, विजय ने पहले आय से अधिक संपत्ति और अतिरिक्त आय का खुलासा भी किया था। उन्होंने वित्त वर्ष 2015-16 में 15 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय घोषित की थी। बाद में दाखिल आयकर रिटर्न में 35.42 करोड़ रुपये की कुल आय दिखाई गई।
यह याचिका पहले अप्रैल 2026 में दायर की गई थी। मद्रास हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने रजिस्ट्री को इसे स्वीकार करने और सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया था। अब मामले की सुनवाई जल्द हो सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी जीत के तुरंत बाद सामने आया यह मामला विजय और उनकी पार्टी TVK के लिए बड़ा राजनीतिक झटका साबित हो सकता है।




