अन्य खबरेंछत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बकावंड में मिड-डे मील में अनियमितता पर सख्ती, केवल दाल-चावल परोसने पर CSC को नोटिस

डमरू कश्यप

बस्तर, 9 जुलाई 2026

बकावंड विकासखंड के शासकीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) और शैक्षणिक व्यवस्थाओं में अनियमितताएं मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान बच्चों को निर्धारित मेन्यू के बजाय केवल दाल-चावल परोसे जाने और अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित CSC को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धारनीगुड़ा और आश्रित ग्राम मांदियागुड़ा के शासकीय विद्यालयों के निरीक्षण में मध्याह्न भोजन योजना, विद्यालयीन व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों में कई कमियां सामने आईं। विभाग ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।

बीईओ चंद्रशेखर यादव ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है। निरीक्षण में पाया गया कि कई विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से केवल दाल-चावल ही परोसा जा रहा था, जो शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए फिलहाल मध्याह्न भोजन में सोयाबीन बड़ी का उपयोग नहीं किया जाए। साथ ही सभी विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar