
रायपुर, 08 अप्रैल 2026 / वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान जिले को 17 करोड़ 59 लाख 57 हजार रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले के विकास को नई गति प्रदान की।
वन मंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर के निर्माण से जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन का बेहतर वातावरण मिलेगा। अब अबूझमाड़ सहित नारायणपुर के बच्चे भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर इंजीनियर, डॉक्टर और शासकीय सेवाओं में स्थान प्राप्त कर सकेंगे।
नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन ने जानकारी दी कि इस अवसर पर नेशनल हाईवे 130डी के मजबूतीकरण कार्य, नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) सहित डीएमएफ और नगरीय निकाय क्षेत्र के अंतर्गत स्वीकृत कुल 11 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में वन मंत्री ने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 3 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए के चेक और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत 25 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्रदान किए।
उन्होंने गढ़बेंगाल चौक से बखरूपारा मार्ग के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी के मजबूतीकरण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
वन मंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों के समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प साकार हुआ है, जिससे अब नारायणपुर और अबूझमाड़ के विकास का मार्ग और अधिक सुगम हो गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं सहित सभी वर्गों के समग्र विकास और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, संध्या पवार, गौतम एस. गोलछा, बृजमोहन देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र यादव और अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




