सुशासन तिहार 2026 में बिजली विभाग को मिला ग्रामीणों का धन्यवाद, निर्बाध बिजली आपूर्ति की सराहना

रायपुर, 13 मई 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के दौरान जशपुर जिले में शासन की योजनाओं और सेवाओं को लेकर लोगों का भरोसा और संतुष्टि देखने को मिल रही है। जनसमस्या निवारण शिविरों में जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं रख रहे हैं, वहीं बेहतर काम करने वाले विभागों को धन्यवाद संदेश भी दिए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में बगीचा विकासखंड के तहसील सन्ना अंतर्गत ग्राम कामारिमा निवासी नान राम ने सुशासन शिविर में बिजली विभाग के कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने आवेदन देकर विभाग को धन्यवाद देते हुए बताया कि कामारिमा, खैरापाठ और डुमरपानी सहित आसपास के गांवों में लगातार और निर्बाध बिजली आपूर्ति हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचते हैं और बिजली लाइन, तार तथा ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य तेजी से करते हैं। उनका कहना है कि विभाग की तत्परता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।
जशपुर विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता विनोद कुमार पंडित ने कहा कि जिले में सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। कहीं भी खराबी की सूचना मिलने पर अधिकारी-कर्मचारी मौसम की परवाह किए बिना तत्काल सुधार कार्य में जुट जाते हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारी गर्मी, बारिश, आंधी-तूफान और रात के समय भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।
सुशासन तिहार 2026 के दौरान मिला यह धन्यवाद संदेश बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ है। विभाग का कहना है कि ग्रामीणों का भरोसा उन्हें और बेहतर सेवा देने के लिए उत्साहित करता है।




