
जगदलपुरv, 26/05/26। जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर इस बार सिर्फ सामान्य चेकिंग नहीं हुई, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ऐसा लाइव सिक्योरिटी ऑपरेशन चलाया गया, जिसने स्टेशन पर मौजूद हर व्यक्ति को सतर्क कर दिया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सघन एंटी-सैबोटॉज एवं नारकोटिक्स अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान की कमान आरपीएफ निरीक्षक प्रवीण कुमार ने संभाली।
अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण और सुरक्षा का मुख्य चेहरा बना प्रशिक्षित स्नीफर डॉग ‘शेरा’, जिसने स्टेशन के संवेदनशील हिस्सों में पहुंचकर हर कोने की गहन जांच की। शेरा ने अपनी सूंघने की क्षमता के जरिए संदिग्ध गतिविधियों और सामानों की पहचान के लिए प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, पार्सल एरिया और सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार तलाशी अभियान चलाया।
आरपीएफ टीम ने विशेष रूप से ट्रेन नंबर 58502, 18107 और 18447 के डिब्बों के भीतर तक जांच की। यात्रियों के बैग, सीटों के नीचे रखे सामान और लावारिस वस्तुओं की बारीकी से तलाशी ली गई। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी गई।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी ऐसे अभियानों के दौरान गांजा और अन्य अवैध सामग्री बरामद की जा चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर रेलवे स्टेशन को लगातार हाई अलर्ट मोड में रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना और यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
हालांकि इस बार अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई, लेकिन इस कार्रवाई ने स्टेशन परिसर में सक्रिय असामाजिक तत्वों में भय का माहौल जरूर पैदा कर दिया है। रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अचानक सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ‘शेरा’ जैसे प्रशिक्षित श्वान अब रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बन चुके हैं। उनका साफ संदेश है कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और स्टेशन परिसर को अपराधियों के लिए असुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि आम यात्रियों का सफर पूरी तरह सुरक्षित रह सके।




