खेलछत्तीसगढ़जगदलपुर

जगदलपुर पहुंची केरल की एथलेटिक्स टीम, लोकनृत्य से भव्य स्वागत; 30 मार्च से ट्रायबल गेम्स की शुरुआत

रायपुर, 27 मार्च 2026। खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के तहत छत्तीसगढ़ में खेलों का उत्साह अब चरम पर पहुंचने लगा है। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए केरल की टीम शुक्रवार को पहुंची, जहां रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में जोरदार स्वागत किया गया।

जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में 30 मार्च से 2 अप्रैल तक एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस राष्ट्रीय आयोजन में हिस्सा लेने के लिए देशभर से खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो चुका है। इसी क्रम में केरल से 17 सदस्यीय दल किरंदुल पैसेंजर ट्रेन से जगदलपुर पहुंचा।

खिलाड़ियों के स्वागत के लिए स्थानीय नर्तक दल ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। गौर नृत्य समूह के कलाकारों ने ढोल की थाप और रंग-बिरंगी वेशभूषा में ऐसा माहौल बनाया कि खिलाड़ी भी झूम उठे और यात्रा की थकान भूल गए।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि राज्य पहली बार इस तरह के राष्ट्रीय ट्रायबल गेम्स की मेजबानी कर रहा है। इससे न सिर्फ आदिवासी खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपरा को भी राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar