छत्तीसगढ़

सर्च ऑपरेशन बना हादसा: जंगल में IED ब्लास्ट, DRG इंस्पेक्टर समेत 3 जवान शहीद, घायल जवान का अस्पताल में इलाज जारी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार सुबह IED ब्लास्ट में DRG के एक इंस्पेक्टर समेत तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बल की टीम कोरोसकोडा के जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जवान नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED को निष्क्रिय (डिफ्यूज) कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। ब्लास्ट में घायल जवानों को तुरंत रेस्क्यू किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल जवान परमानंद कोमरा को बेहतर इलाज के लिए कांकेर भेजा गया है।

शहीद होने वाले जवानों में DRG इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और संजय गढपाले शामिल हैं।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर क्षेत्र में लगातार IED बरामदगी अभियान चलाया जा रहा था। यह ऑपरेशन भी उसी का हिस्सा था। फिलहाल घायल जवान का इलाज जारी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar