छत्तीसगढ़जगदलपुर

सुशासन तिहार 2026: लोन मेले से महिला स्व-सहायता समूहों को मिली नई आर्थिक ताकत

दरभा शिविर में 58 महिला समूहों को 1 करोड़ 59 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत

जगदलपुर, 21 मई 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत दरभा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में महिला स्व-सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। शिविर में आयोजित लोन मेले के माध्यम से 58 महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों के विस्तार हेतु कुल 1 करोड़ 59 लाख रुपये की आर्थिक सहायता (ऋण) प्रदान की गई।

इस अवसर पर हितग्राही महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बैंक ऋण उपलब्ध होने से अब समूह सिलाई, पशुपालन, किराना व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित गतिविधियों तथा अन्य लघु उद्यमों को आगे बढ़ा सकेंगी। महिलाओं ने कहा कि इस सहायता से वे आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत कर पाएंगी।

शिविर में तीन लाख रुपये की ऋण सुविधा प्राप्त करने वाली तीरथगढ़ निवासी पदमा कावड़े ने बताया कि वे पहले से कुक्कुट पालन का कार्य कर रही थीं और अब लोन लेकर सुगंधित धान की खेती, मक्का और मौसमी सब्जियों का उत्पादन करने की योजना बना रही हैं। वहीं छिंदावाड़ा निवासी लता राव ने दो लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया है, जिसका उपयोग वे किराना दुकान संचालन में करेंगी।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बनकर उभर रहे हैं और उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी, आवेदन निराकरण और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने की पहल की जा रही है। बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर लाभान्वित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar