छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर के जनजातीय विकास के लिए सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम को सौंपा मांग पत्र

जगदलपुर,7 अगस्त 2026

बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर बस्तर के सर्वांगीण जनजातीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत मांग पत्र सौंपा और विभिन्न प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

सांसद महेश कश्यप ने बस्तर जिले के आड़ावाल स्थित ट्राईफेड प्रोसेसिंग प्लांट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह प्लांट वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे जनजातीय संग्राहकों, महिला स्व-सहायता समूहों, वन धन विकास केंद्रों और वनोपज सहकारी समितियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्लांट को पुनः शुरू करने, आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने और वनोपज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की मांग की।

सांसद ने लघु वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन के लिए आधुनिक इकाइयों की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही जनजातीय युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता मिशन, राष्ट्रीय जनजातीय कौशल एवं उद्यमिता उत्कृष्टता केंद्र तथा राष्ट्रीय आदिवासी सांस्कृतिक एवं शोध केंद्र स्थापित करने की मांग की।

उन्होंने श्रीअन्न एवं वन आधारित उत्पादों की ब्रांडिंग और अंतरराष्ट्रीय विपणन, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता, जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण कार्यक्रमों के विस्तार तथा प्रत्येक जनजातीय विकासखंड में वन धन विकास केंद्र स्थापित करने जैसे प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।

महेश कश्यप ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से जनजातीय समाज को रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा बस्तर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

वहीं केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सांसद द्वारा प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक विचार करने और संबंधित विषयों की समीक्षा के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar