रायपुर में बड़ी चूक: मेकाहारा से हथकड़ी समेत फरार हुआ सजायाफ्ता कैदी, पुलिस अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है। मेकाहारा अस्पताल से इलाज के दौरान हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी है। वह तीन साल पहले हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार हुआ था और रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था। तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लाया गया था।
बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान ही आरोपी ने मौका देखकर जेल प्रहरियों को चकमा दिया और हथकड़ी समेत फरार हो गया। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मौदहापारा थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब इलाज के दौरान कैदी फरार हुआ हो। इससे पहले भी जेल प्रशासन की लापरवाही के चलते ऐसे मामले सामने आते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।




