छत्तीसगढ़

न्यायालय में सुनवाई के दौरान भिड़े पक्षकार, तहसीलदार ने 18 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

बलरामपुर , 20 /05/26। जिले के वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में मारपीट पर उतर आए। घटना के बाद तहसीलदार ने दोनों पक्षों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को वाड्रफनगर तहसीलदार के समक्ष जमीन से जुड़े एक प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इस दौरान आवेदक और अनावेदक पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि अनावेदक पक्ष के लोगों और उनके साथ आए गवाहों ने दूसरे पक्ष के अधिवक्ता के साथ गाली-गलौच करते हुए विवाद और मारपीट की।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को न्यायालय कक्ष से बाहर निकाला, लेकिन तहसील एवं सिविल कोर्ट परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट जारी रही। घटना से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में दोनों पक्षों के 18 लोगों के खिलाफ पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को घटना का वीडियो भी सौंपा गया है, ताकि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar