छत्तीसगढ़रायपुर संभागशिक्षा एवं रोजगार

छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला : अब सरकारी स्कूलों से 10वीं-12वीं पास करने वाली छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए मिलेंगे 30 हजार रुपए

रायपुर, 30 सितंबर 2025
उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दानवीर भामाशाह वार्ड में 337.01 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय शशिबाला अंग्रेजी-हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार की ओर से छात्राओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं पास करने वाली छात्राओं को महाविद्यालयीन शिक्षा जारी रखने के लिए 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी छात्रा अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। इस फैसले से छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा कर सकेंगी।

उपमुख्यमंत्री ने साझा किए बचपन के अनुभव

लोकार्पण समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री साव ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। छात्रा अनुष्का शर्मा के सवाल पर उन्होंने बताया कि उन्होंने कक्षा तीसरी तक अपने ही गांव के कच्चे मकान में पढ़ाई की थी, जहां बच्चों को खुद चटाई लेकर बैठना पड़ता था और हर शनिवार को गोबर से पोताई करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी भाग्यशाली है, जिसे सरकार आधुनिक सुविधाओं वाले भव्य विद्यालय उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्राथमिकता शिक्षा : साव

साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आधुनिक स्कूल, बेहतर वातावरण और छात्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और अब यह देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जा रहा है।

सांसद और विधायक ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर हाइटेक शहर की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां की सुविधाएं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार गरीब परिवारों की शिक्षा और भलाई के लिए संवेदनशील है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस नया विद्यालय

नवनिर्मित शैक्षणिक भवन में भूतल पर पाँच कक्षाओं के साथ स्टोर रूम, बालक-बालिका के लिए अलग शौचालय और पार्किंग की सुविधा है। प्रथम और द्वितीय तल पर नौ-नौ कक्षाओं के अलावा प्राचार्य कक्ष, स्टाफ रूम, स्टोर रूम और शौचालय का निर्माण किया गया है।
विद्यालय परिसर में मुख्यद्वार, गार्डरूम, बाउंड्रीवाल, मंच, पार्किंग टाइल्स, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, सीसीटीवी कैमरे और स्मार्ट क्लास जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इस मौके पर महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, पार्षद रामहिन कुर्रे एवं रमेश सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar