छत्तीसगढ़बस्तर संभागबीजापुर

बीजापुर में ‘बाघ रथ’ से गांव-गांव पहुंचेगा वन्यजीव संरक्षण का संदेश, वन मंत्री केदार कश्यप ने दिखाई हरी झंडी

बीजापुर, 02 अक्टूबर 2026

बीजापुर में वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने इन्द्रावती टाइगर रिजर्व द्वारा तैयार किए गए ‘बाघ रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ गांव-गांव पहुंचकर वन्यजीव संरक्षण, बाघों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति लोगों को जागरूक करेगा।

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जंगल और वन्यप्राणी हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की प्रभावी सुरक्षा के लिए स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि बीजापुर अपनी समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा के लिए जाना जाता है। वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने, जंगलों की रक्षा करने और मानव-वन्यजीवों के बीच संतुलित सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

साल के अंत तक शुरू होंगी इको-टूरिज्म गतिविधियां

वन मंत्री केदार कश्यप ने घोषणा की कि साल के अंत तक बीजापुर में इको-टूरिज्म गतिविधियां विधिवत शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि घने जंगल, प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से समृद्ध बीजापुर में इको-टूरिज्म से पर्यटकों को क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर से परिचित कराने के साथ वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

वन मंत्री ने कहा कि इको-टूरिज्म को स्थानीय समुदाय की सहभागिता से विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था और आजीविका को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और वन्यजीवों का संरक्षण करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देना ही इको-टूरिज्म का मूल उद्देश्य है। इससे पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आजीविका को साथ लेकर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

वन्यजीव सप्ताह के शुभारंभ के साथ रवाना हुआ ‘बाघ रथ’ जनभागीदारी के जरिए वन्यजीव संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाएगा। इसके माध्यम से जैव विविधता, बाघ संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar