संविधान दिवस पर राजपुर में गूंजा संविधान का संदेश, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पेन-कॉपी देकर किया सम्मानित

बस्तर,26 नवंबर 2026
सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग, ग्राम इकाई राजपुर के तत्वावधान में गुरुवार को शासकीय प्राथमिक शाला राजपुर परिसर में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में राजपुर संकुल की विभिन्न शालाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को समाज की ओर से पेन एवं कॉपी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय का आधार है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताया। साथ ही 6 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए शिक्षा के मौलिक अधिकार की जानकारी देते हुए ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
संकुल समन्वयक गजेंद्र सिंह ठाकुर एवं व्याख्याता संजय कुमार यादव ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आदिवासी युवा छात्र संगठन छत्तीसगढ़ के प्रदेश तकनीकी प्रभारी मोतीराम कश्यप, युवा अध्यक्ष विजय कश्यप, गोलूराम कश्यप, सोमेश बघेल, फूलसिंह कश्यप, ग्राम पंचायत सरपंच रचना कश्यप, उपसरपंच सामनाथ कश्यप, संकुल प्राचार्य चरण सिंह बघेल, दिलीप भारती, स्वास्थ्य कर्मचारी शोभा केरकेट्टा एवं श्यामबती भारती सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




