संविधान दिवस पर राहुल गांधी बोले- भारत का संविधान देश की आत्मा, हर हाल में करेंगे इसकी रक्षा

नई दिल्ली,26 नवंबर 2026
देशभर में आज 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान के मूल आदर्शों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संविधान को देश की आत्मा बताते हुए कहा कि भारत का संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की नींव और हर नागरिक की गरिमा का कवच है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि संविधान अन्याय के खिलाफ देश का सबसे बड़ा हथियार है।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा कि संविधान दिवस पर वे संकल्प दोहराते हैं कि हर हाल में संविधान की रक्षा करेंगे और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी संविधान दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान के मूल आदर्शों की रक्षा करना राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
खरगे ने आंबेडकर के कथन—‘राजनीतिक लोकतंत्र तब तक टिक नहीं सकता, जब तक उसके आधार में सामाजिक लोकतंत्र न हो’—को दोहराते हुए लोकतंत्र, सामाजिक समानता और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।




