छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

Bastar News Update : बस्तर की वादियों में छिपा है खूबसूरत पर्यटन स्थल कुदुर… 10 साल बाद भी अधूरा बेदरे पुल… खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंटों से लिए खाने के सैंपल… शादी का झांसा देकर युवती का शोषण… पढ़ें और भी खबरें

बस्तर,26 नवंबर 2026

बस्तर संभाग से पर्यटन, विकास, खाद्य सुरक्षा, धान खरीदी और अपराध से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। कहीं प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर पर्यटन स्थल अपनी पहचान बनाने का इंतजार कर रहा है, तो कहीं ग्रामीण आज भी पुल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पढ़ें बस्तर संभाग की प्रमुख खबरें—

बस्तर की वादियों में छिपा है खूबसूरत पर्यटन स्थल कुदुर

बस्तर। जंगल, पहाड़ और स्वच्छ जलधारा के बीच बसा मर्दापाल क्षेत्र का कुदुर प्राकृतिक खूबसूरती का अनमोल खजाना है। पुषपाल घाटी से लगे इस इलाके में पारदर्शी नदी, पहाड़ियों की लंबी श्रृंखला और चारों ओर फैली हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती है। यहां नदी का पानी इतना साफ है कि उसकी तलहटी तक आसानी से दिखाई देती है।

कुदुर जैव विविधता के लिहाज से भी बेहद समृद्ध है। यहां इंडियन कैमेलियन सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों, तितलियों और वन्यजीवों की मौजूदगी इस क्षेत्र को खास बनाती है। प्रकृति भ्रमण, बर्ड वॉचिंग और पर्यावरण अध्ययन के लिए यह बेहतर पर्यटन स्थल बन सकता है।

स्थानीय ग्रामीणों को गाइड, होम स्टे और पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए पहुंच मार्ग, सुरक्षा और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाओं का विकास करना होगा।

10 साल बाद भी अधूरा बेदरे पुल, 20 गांवों के ग्रामीण परेशान

नारायणपुर। बदलते बस्तर में विकास की नई उम्मीदें जगी हैं, लेकिन अबूझमाड़ के करीब 20 गांवों के ग्रामीणों के लिए इंद्रावती नदी आज भी बड़ी बाधा बनी हुई है। इन गांवों के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों और साप्ताहिक बाजार के लिए बीजापुर जिले के बेदरे पहुंचना पड़ता है। सड़क और पुल नहीं होने के कारण ग्रामीण आज भी डोंगी और छोटी नाव के सहारे नदी पार करने को मजबूर हैं।

बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से यह सफर बेहद जोखिमभरा हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, नदी पार करते समय पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और लोगों की जान तक जा चुकी है।

इस समस्या के समाधान के लिए करीब 10 साल पहले बेदरे में पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन एक दशक बाद भी नदी में महज चार से पांच पिलर ही खड़े हो सके हैं। अब प्रशासन का कहना है कि री-टेंडर प्रक्रिया पूरी कर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। कलेक्टर विश्वदीप ने निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने का भरोसा दिलाया है।

रेस्टोरेंटों में खाद्य विभाग की जांच, खाने के सैंपल लिए

जगदलपुर। रेस्टोरेंटों में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ‘सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार’ अभियान के तहत शहर के दो रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण किया।

टीम ने सिटी ग्राउंड के सामने स्थित शिनोस नेक्सस और कमिश्नर कार्यालय के पास संचालित शिनोस ग्रीन रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान शिनोस नेक्सस से स्टीम राइस और पनीर मसाला, जबकि शिनोस ग्रीन से मटन करी और उबली अरहर दाल के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान एक रेस्टोरेंट के भंडार कक्ष में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। कर्मचारियों को हेडगियर और एप्रन पहनने के साथ खाद्य सामग्री के लिए अखबारी कागज का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी गई। यह विशेष अभियान 16 से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है।

सुकमा में 30 क्विंटल अवैध धान जब्त, पिकअप वाहन भी कार्रवाई के दायरे में

सुकमा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध परिवहन और धान खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और मंडी की संयुक्त टीम ने रात्रि गश्त के दौरान झापरा से भेलवापाल मार्ग पर एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की।

वाहन में 60 बोरियों में करीब 30 क्विंटल धान मिला। जांच में धान का परिवहन कर रहे व्यक्ति की पहचान संजय गेन निवासी चिकपल्ली, मलकानगिरी के रूप में हुई। संयुक्त टीम ने परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान और पिकअप वाहन जब्त कर लिया।

जब्त वाहन और धान को थाना सुकमा की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

धान खरीदी केंद्रों पर किसानों की आवक जारी, 46 किसानों से 2152 क्विंटल से अधिक खरीदी

कोंडागांव। धान खरीदी सीजन में सहकारी समितियों के केंद्रों पर किसानों की आवक लगातार जारी है। केशकाल आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में अब तक 46 किसानों से कुल 2152.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। किसानों को उनकी उपज का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है।

खरीदी केंद्र में बारदाने, भंडारण और तौल की व्यवस्था व्यवस्थित रखने पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर अमित कुमार ने किसानों से संवाद कर उन्हें पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाले बोनस और अन्य लाभों की जानकारी दी।

वहीं कोंटा तहसील के अंदरूनी इलाकों मरईगुड़ा, गोलापल्ली, सेंदूरगुड़ा, किस्टारम और तिगनपल्ली में भी प्रशासनिक टीम ने खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोलापल्ली और किस्टारम केंद्रों पर तौल और नमी मापने वाली मशीनों की जांच कर शून्य शॉर्टेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर जिले में शादी का वादा कर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। अनुसूचित जनजाति वर्ग की 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर अजाक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने 21 नवंबर 2023 से सितंबर 2026 तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने अजाक थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में अपराध पाए जाने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

बैलाडीला में खनिज अपशिष्ट हादसे के बाद ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

दंतेवाड़ा। बैलाडीला में खनन से निकला अपशिष्ट अब लोहा गांव के ग्रामीणों के लिए आवागमन की बड़ी समस्या बन गया है। डिपॉजिट-14 में खनिज अपशिष्ट का पहाड़ ढहने के बाद करीब तीन किलोमीटर तक फैले मलबे ने ग्रामीणों के पुराने रास्ते को प्रभावित कर दिया है। अब गांव पहुंचने के लिए लोगों को इसी मलबे के ऊपर से गुजरना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के सामने सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता नहीं होने के कारण हर दिन हादसे का खतरा बना हुआ है। घटना के बाद एनएमडीसी ने 11-सी मार्ग से आवागमन की व्यवस्था करने का भरोसा दिया था, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक यह व्यवस्था अब तक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है।

वन विभाग के अनुसार, मलबे की चपेट में लाखों पौधों और सैकड़ों बड़े पेड़ों के आने की आशंका है। मलबा स्थिर होने के बाद तीन किलोमीटर के क्षेत्र में वनस्पतियों और पेड़ों के नुकसान का आकलन किया जाएगा। वन विभाग ने मामले में एनएमडीसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज करने की बात कही है।

वहीं आईआईटी रुड़की और मुंबई सहित विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक संस्थानों की जांच से हादसे के वास्तविक कारणों और डंपिंग की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल होगी। अब ग्रामीणों को सुरक्षित रास्ते और हादसे की जिम्मेदारी तय होने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar