
जगदलपुर,27 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशों के परिपालन में वन विभाग द्वारा वनों के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में माचकोट परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और पेड़ों की गर्डलिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर वृत्त सुश्री स्टायलो मंडावी के मार्गदर्शन और वनमंडलाधिकारी बस्तर दीपेश कपिल के निर्देशानुसार माचकोट परिक्षेत्र में कार्रवाई की गई।
उप वनमंडलाधिकारी जगदलपुर योगेश रात्रे की सतत निगरानी और नेतृत्व में परिक्षेत्र अधिकारी माचकोट प्रकाश देहारी तथा वन अमले की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही थी। इसी दौरान माचकोट परिक्षेत्र अंतर्गत उप-परिक्षेत्र पूलचा के ग्राम गुरु गोठान (गोरो-गोठान) के आसपास वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और वृक्षों की गर्डलिंग करने के मामले में संलिप्त 13 आरोपियों को पकड़ा गया।
वन विभाग के अनुसार, गर्डलिंग में पेड़ के तने को छीलकर उसे नुकसान पहुंचाया जाता है, जिससे वृक्ष के नष्ट होने की आशंका रहती है।
वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 13 आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सक्षम न्यायालय के आदेश से सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने, अवैध कटाई करने अथवा वन भूमि पर अतिक्रमण करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि आगे भी ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




