बड़ा हादसा टला : चलती कार पर गिरी पेड़ की विशाल डाल, बाल-बाल बची जान

खैरागढ़। डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमलीडीह खुर्द के पास चलती कार पर अचानक पेड़ की विशाल डाल गिर गई, जिससे कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 07 BC 8100 में पटवारी दिव्यांश राजपूत डोंगरगढ़ से खैरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पुराने टायरों से ओवरलोड ट्रक ने सड़क किनारे खतरनाक तरीके से झुकी पेड़ की डाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भारी डाल पीछे चल रही कार पर आ गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डाल इतनी भारी थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह दब गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार की पिछली सीट पर कोई बैठा होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से पेड़ की डाल हटवाई गई। क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को थाने लाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क किनारे मौजूद कई पेड़ और सूखी डालियां लंबे समय से हादसों को न्योता दे रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि शुक्रवार की घटना प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है।
यह मार्ग डोंगरगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे खतरनाक पेड़ों और सूखी डालियों की छंटाई नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मार्ग का सुरक्षा ऑडिट कराने और सूखे व झुके पेड़ों की तत्काल छंटाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।




