बकावंड में जर्जर सड़क को लेकर आक्रोश: जनप्रतिनिधियों के गुजरने के बावजूद नहीं सुधरी सड़क, आदिवासी समाज ने दी चक्काजाम की चेतावनी

बकावंड, 24 सितम्बर 2026। बोरपदर, मूली से करपावंड को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क पिछले करीब दो वर्षों से बदहाल है। सड़क जगह-जगह से फटकर उखड़ चुकी है और कई स्थानों पर करीब 2 फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। लगातार बारिश के बीच गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
इस जर्जर मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और मरीज आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार जनपद और संबंधित PMGSY विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। बारिश के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों के गुजरने के बावजूद नहीं सुधरी सड़क
ग्रामीणों के मुताबिक यह क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जहां से अक्सर जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी भी गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि लगातार खबरों और शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार विभाग आखिर कब जागेगा।
इसी मार्ग से गेंगरामुंडा होते हुए छोटे देवड़ा पंचायत को जोड़ने वाली सड़क भी काफी जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग पर भी जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
आदिवासी समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी
मामले को लेकर आदिवासी समाज के जिला युवा अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से मूली-करपावंड मार्ग पर गड्ढों की समस्या बनी हुई है। यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आदिवासी समाज उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगा।
ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। ग्रामीणों की मांग है कि बारिश के बीच सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।




