छत्तीसगढ़बकावंड

बोरपदर-मूली से करपावंड तक मौत को दावत देती सड़क, जगह-जगह 2 फीट गहरे गड्ढे; ग्रामीणों में आक्रोश

बकावंड,24 सितंबर 2026

बोरपदर, मूली से करपावंड को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क पिछले करीब 2 साल से बदहाल है। सड़क जगह-जगह से फटकर उखड़ चुकी है और कई स्थानों पर 2-2 फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और मरीज आवागमन करते हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खतरनाक हो जाती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।

आदिवासी समाज के युवा जिला अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

मामले को लेकर आदिवासी समाज के जिला युवा अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल से मूली-करपावंड मार्ग पर गड्ढे बने हुए हैं और विभाग की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आदिवासी समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर जनपद और PMGSY विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने सड़क नहीं सुधरने पर चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी है।

छोटे देवड़ा को जोड़ने वाली सड़क भी जर्जर

इसी मुख्य मार्ग से जुड़े गेंगरामुंडा से छोटे देवड़ा पंचायत होते हुए बकावंड मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क की हालत भी खराब बताई जा रही है। इस सड़क पर भी बड़े-बड़े गड्ढे होने से स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का मामला कई बार सुर्खियों में आने के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका सवाल है कि जब सरकार प्रदेश में सड़कों के विकास और सुधार के दावे कर रही है, तो बकावंड क्षेत्र की इन जर्जर सड़कों की ओर ध्यान कब दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar