छत्तीसगढ़जगदलपुर/बकावंड/बस्तर संभाग

बस्तर को बड़ी सौगात: अरुण साव के दौरे के बाद खुला विकास का रास्ता, केशकाल बायपास निर्माण का काम शुरू होने की तैयारी

रायपुर, 12 जून 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बस्तर दौरे के दौरान अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। उन्होंने केशकाल बायपास के कार्यों में तेजी लाने को लेकर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायपुर-जगदलपुर मार्ग) पर बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास रूट के निर्माण के लिए चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया है।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान 5 जून को विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के साथ बायपास के दोनों छोरों का निरीक्षण कर इसके काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उनके निरीक्षण के बाद विभाग ने आवश्यक कार्यवाहियां तेजी से पूर्ण कर आज निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से निर्माण सामग्री एवं निर्माण की पूर्ण गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बस्तर और छत्तीसगढ़ के लिए यह बायपास अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसका तेजी से निर्माण कर आवाजाही शुरू करना सरकार की प्राथमिकता में है।

11.38 किमी का है बायपास, 2 वृहद और 2 मध्यम पुल भी बनेंगे

लोक निर्माण विभाग द्वारा 308 करोड़ रुपए की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे केशकाल घाट बायपास का निर्माण किया जा रहा है। इस बायपास में दो वृहद पुल और दो मध्यम पुल भी बनाए जाएंगे। यह परियोजना पूरी होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर यातायात को बड़ी राहत मिलेगी और बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले से अधिक बेहतर होगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar