
बीजापुर,7 नवम्बर 2026
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भोपालपटनम में मिठाई दुकानों, डेयरी, होटल और ढाबों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ कुल 9,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेसर्स कान्हा बीकानेर स्वीट्स के मिठाई निर्माण स्थल पर बिना वैध खाद्य लाइसेंस के मिठाई तैयार किए जाने का मामला सामने आया। इस पर प्रतिष्ठान संचालक पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा बिस्मिल्लाह डेयरी, मोना ढाबा, श्री राजन ढाबा और गुप्ता होटल में भी खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। इन प्रतिष्ठानों में लाइसेंस संबंधी अनियमितताओं पर चालानी कार्रवाई की गई।
खाद्य विभाग ने बताया कि इससे पहले बीजापुर स्थित मेसर्स कन्हैया स्वीट्स के निरीक्षण में साफ-सफाई की कमी मिलने पर मिठाई निर्माण का काम बंद कराया गया था। बाद में संचालक ने निर्माण स्थल और उपकरणों की सफाई कराई, फर्श पर नया मैट बिछाया तथा कर्मचारियों को सिर पर कैप पहनकर काम करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को वैध खाद्य लाइसेंस, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।




