
बकावंड,30 सितम्बर 2026
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटेदेवड़ा में वर्ष 2026-27 की वार्षिक आमसभा का आयोजन समिति के कार्यालय भवन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता लैम्पस अध्यक्ष गणेश राम परगनिया ने की।
वार्षिक आमसभा में समिति के अंशधारियों की मौजूदगी में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन एवं लेखा पत्रकों को स्वीकार करने, वर्ष 2027-28 के अनुमानित बजट एवं प्रस्तावित वार्षिक कार्यक्रम को स्वीकृति देने सहित अन्य प्रस्तावों पर विचार किया गया।
इसके अलावा वर्ष 2025-26 में स्वीकृत मदों में हुए अधिक व्यय के अनुमोदन, प्रबंधकारिणी समिति द्वारा लिए गए निर्णयों की पुष्टि तथा वर्ष 2025-26 की अंकेक्षण टीप पारित करने पर चर्चा हुई। बैठक में सदस्यता वृद्धि और कालातीत ऋण वाले सदस्यों से वसूली, साथ ही सेवा नियमों के प्रावधान के अनुसार कर्मचारियों के वेतन वृद्धि के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
आमसभा में सरपंच संतोष कश्यप, सरपंच लखमी कश्यप, सरपंच निरो कश्यप, जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप, जनपद सदस्य दयमती कश्यप, पूर्व जनपद सदस्य बंशी कश्यप, पूर्व जनपद सदस्य पूरन सिंह गोयल, पाकलू कश्यप, प्रबंधक टिकेश्वर सेठिया और बैंक शाखा प्रबंधक मदन सेठिया सहित समिति के समस्त स्टाफ एवं कार्यक्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।




