सुकमा में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: नक्सली डंप से ऑटोमैटिक हथियार, बीजीएल सेल, तीर बम और विस्फोटक सामग्री बरामद

सुकमा,12 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जिले के दुर्गम जंगलों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। जब्त सामग्री में बीजीएल सेल, तीर बम और वायरलेस सेट सहित अन्य सामान शामिल हैं।
खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया अभियान
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने यह अभियान शुरू किया था। 12 अक्टूबर 2026 को किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा जंगल में तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद हुआ।
यह कार्रवाई सुकमा एसपी मयंक गुर्जर और एएसपी रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत की गई। दुर्गम जंगलों में तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के हथियारों और अन्य सामग्री के ठिकाने का पता लगाया।
नक्सलवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी
सुकमा जिले में नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों के हथियारों और विस्फोटक सामग्री के नेटवर्क को कमजोर करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देना है।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




